जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्राप्त किया व्यावहारिक विधिक ज्ञान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), शाहजहाँपुर द्वारा सचिव श्रीमती अपेक्षा सिंह के संरक्षण एवं निर्देशन में 17 जून से 30 जून 2026 तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में स्वामी शुकदेवानन्द विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के प्रथम दो दिवसों में विभिन्न संस्थानों का भ्रमण कर व्यावहारिक विधिक ज्ञान प्राप्त किया।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने राजकीय बालगृह, नवादा इन्देपुर तथा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, पिपरौला का भ्रमण कर बाल संरक्षण, किशोर न्याय व्यवस्था एवं विधिक सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर डीएलएसए सचिव श्रीमती अपेक्षा सिंह एवं संबंधित संस्थानों के अधीक्षकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न विधिक प्रावधानों एवं संस्थागत कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

प्रथम दिवस आयोजित “शिक्षा का अधिकार” विषयक विधिक जागरूकता शिविर में छात्रा समन्वयक अंशिका यादव ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें शिक्षा के अधिकार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

वहीं द्वितीय दिवस “विश्व बाल श्रम निषेध दिवस” के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र समन्वयक गगन अवस्थी एवं प्रिया ने बाल श्रम उन्मूलन, बाल अधिकारों की सुरक्षा एवं शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दो दिनों में कुल 33 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। महाविद्यालय की ओर से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए 42 विद्यार्थियों को नामित किया गया है।

महाविद्यालय स्तर पर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन इंटर्नशिप समन्वयक प्रदीप कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि आगामी प्रशिक्षण सत्रों में भी विद्यार्थियों को ऐसे ज्ञानवर्धक एवं अनुभवपरक अवसर प्राप्त होंगे, जो उनके विधिक ज्ञान एवं व्यावसायिक कौशल को और अधिक सशक्त बनाएंगे।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को विधि के व्यावहारिक पक्ष से जोड़ने तथा सामाजिक एवं न्यायिक व्यवस्थाओं की गहन समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Previous Post Next Post