Breaking News

1 जुलाई से शुरू होगा 'स्कूल चलो अभियान' का दूसरा चरण, मुख्यमंत्री योगी ने की जनभागीदारी की अपील

 

ब्यूरो रिपोर्ट आशीष गौतम लखनऊ ✍️

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से 'स्कूल चलो अभियान' को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि 1 जुलाई से उत्तर प्रदेश में 'स्कूल चलो अभियान' का दूसरा चरण प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने इसे लाखों बच्चों के सपनों को शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान बताया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जुलाई केवल नए माह की शुरुआत नहीं, बल्कि बच्चों को विद्यालय तक पहुंचाने के नए संकल्प का अवसर है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे ऐसा शैक्षिक वातावरण तैयार करें, जिससे बच्चे विद्यालय को केवल दिनचर्या का हिस्सा न समझें, बल्कि उत्साह और रुचि के साथ स्कूल आएं। इसके लिए खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों का मूल्यांकन केवल परीक्षा के अंकों से नहीं, बल्कि उनके हौसले, लगन और निरंतर प्रयासों के आधार पर करें तथा बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा, जब प्रत्येक बच्चा शिक्षा से जुड़कर अपने सपनों को साकार कर सके। इसलिए सभी नागरिकों से 'स्कूल चलो अभियान' को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments