Breaking News

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

 

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️

लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर-290 स्थित टोल प्लाजा के पास निर्माणाधीन चार्जिंग प्वाइंट के निकट एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन चार्जिंग प्वाइंट पर कार्यरत कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि तड़के एक अज्ञात व्यक्ति युवक को बस से उतारकर वहां छोड़ गया था। पूछने पर युवक ने बताया था कि उसके चाचा उसे लेने आएंगे। सुबह जब कर्मचारी दोबारा बाहर निकले तो युवक मृत अवस्था में मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने सफेद कुर्ता-पायजामा पहन रखा था, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ।

शव को पोस्टमार्टम के लिए लोकबंधु अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक की पहचान के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments