स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और पर्व के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष मोहर्रम पर्व 15 जून 2026 से प्रारंभ होकर 25, 26 एवं 27 जून को मुख्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विभिन्न स्थानों पर ताजिए स्थापित किए जाएंगे तथा जुलूस के रूप में उन्हें कर्बला तक ले जाया जाएगा। ऐसे में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।
बैठक में निर्देश दिए गए कि ताजिया जुलूसों एवं अन्य कार्यक्रमों की निगरानी के लिए अधिकारियों की थानावार ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और सतर्कता के साथ सुनिश्चित करें।
एडीएम प्रशासन ने निर्देशित किया कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप हो तथा पूर्व में ही उसका सत्यापन कर लिया जाए। संबंधित अधिकारियों को विद्युत लाइनों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार तारों को ऊंचा कराने के निर्देश भी दिए गए।
नगर निगम अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा मार्गों से ईंट, पत्थर एवं अन्य अवरोध हटाने की कार्रवाई समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग लगाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने थाना प्रभारियों को संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, उप जिलाधिकारी सदर संजय पांडेय, क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत बाजपेयी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments