![]() |
| ⚠️ AI द्वारा निर्मित सांकेतिक चित्र यह फोटो नहीं है। समाचार के दृश्यांकन हेतु AI की सहायता से तैयार किया गया चित्र है। |
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मानवता और संवेदनशीलता की एक मिसाल देखने को मिली। मदद की आस लेकर कुछ लोग 12 से 15 वर्ष आयु के राहुल नामक बालक को ऑटो रिक्शा से कलेक्ट्रेट लेकर पहुंचे। बालक की हालत गंभीर थी तथा उसके पैर में गहरा घाव था, जो समय पर उपचार न मिलने के कारण लगातार बढ़ता जा रहा था।
इसी दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार किसी शासकीय कार्य से बाहर जा रहे थे। उनकी नजर घायल बालक पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और स्वयं बच्चे के पास पहुंचकर उसकी स्थिति की जानकारी ली।
बातचीत में पता चला कि राहुल के माता-पिता नहीं हैं तथा उसका पालन-पोषण करने वाले संरक्षक आर्थिक रूप से कमजोर हैं। आर्थिक तंगी के कारण उसका समुचित उपचार नहीं हो पा रहा था। बच्चे की पीड़ा और परिजनों की बेबसी देखकर एडीएम वित्त भावुक हो उठे।
उन्होंने तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं कराते हुए बालक को उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया तथा अस्पताल प्रबंधन से बात कर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि राहुल के उपचार में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए एडीएम वित्त ने बच्चे के साथ आई महिला को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की, ताकि इलाज और अन्य आवश्यक जरूरतों में कोई बाधा न आए।
एडीएम वित्त अरविंद कुमार की इस संवेदनशील पहल की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। उनकी मदद ने राहुल को बेहतर उपचार की उम्मीद के साथ एक नई जिंदगी की राह दिखाई है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments