Breaking News

तीन साल बाद भी अधूरी विधायक निधि की सड़क, धूल और कीचड़ से जूझ रहे ग्रामीण

 

संवाददाता राजन भारती लखनऊ ✍️

लखनऊ/काकोरी। काकोरी थाना क्षेत्र के डिघिया गांव में विधायक निधि से स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है। अधूरी सड़क के कारण ग्रामीणों को रोजाना धूल और बरसात में कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्रीय विधायक राजेश्वर सिंह की निधि से डिघिया के सरकारी विद्यालय के पास से झुरी गौतम के घर होते हुए शंकर भगवान मंदिर तक सड़क निर्माण स्वीकृत हुआ था। लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया और सड़क का बड़ा हिस्सा आज भी अधूरा पड़ा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में मार्ग पर जलभराव और कीचड़ हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं गर्मी के मौसम में उड़ती धूल लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा देती है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण पूरा हुए बिना ही शिलान्यास/उद्घाटन का पत्थर लगा दिया गया, जबकि आज तक कार्य पूरा नहीं कराया गया। कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अधूरे सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Post a Comment

0 Comments