Breaking News

विकसित भारत के निर्माण में शिक्षित, जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण : कुलपति प्रो. पी.बी. सिंह

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 18 जून 2026। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के शिक्षक शिक्षा विभाग द्वारा “राष्ट्रीय शिक्षा, नागरिक उत्तरदायित्व एवं जन-जागरूकता” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेन्द्र बहादुर सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अरुण गुप्ता ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके शिक्षित, जागरूक और उत्तरदायी नागरिकों पर निर्भर करती है। शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक आदर्शों का विकास करना है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. पुष्पेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि शिक्षित, जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिकों के सक्रिय योगदान से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से नवाचार, उद्यमिता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा विश्वविद्यालय जन-जागरूकता एवं बौद्धिक विमर्श के माध्यम से निरंतर अपना योगदान देता रहेगा।

शिक्षा संकाय की अधिष्ठाता प्रो. डॉ. मीना शर्मा ने कहा कि एक आदर्श नागरिक वही है जो अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करे। संविधान का सम्मान, कानूनों का पालन, पर्यावरण संरक्षण, मतदान, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. प्रभात शुक्ला ने कहा कि जागरूक नागरिक न केवल स्वयं विकास करते हैं बल्कि समाज को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं प्रतिभागियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अखिलेश तिवारी ने किया, जबकि अंत में डॉ. राजीव यादव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. विनीत श्रीवास्तव, डॉ. शैलजा मिश्र, डॉ. राहुल कुमार, सुश्री रेनू बहुखण्डी, श्रीमती प्रिया शर्मा, डॉ. बृज निवास, अमित गुप्ता, डॉ. संजय कुमार, रामअवतार सिंह, सौरभ कुमार मिश्र, रोहित सिंह, डॉ. प्रियंका शर्मा, नेहा राठौर सहित बी.एड. एवं एम.एड. के अनेक प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

कार्यशाला में राष्ट्रीय शिक्षा, नागरिक उत्तरदायित्व एवं जन-जागरूकता के विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा प्रतिभागियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

Post a Comment

0 Comments