Breaking News

शाहजहांपुर में प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए किया गया प्रेरित

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 18 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद शाहजहांपुर में गन्ना शोध परिषद सभागार में प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ददरौल विधायक अरविंद सिंह, कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह (प्रिंस), भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश अवस्थी तथा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, डॉ. पी.के. कपिल, गन्ना किसान प्रशिक्षण संस्थान के अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र नियामतपुर के वैज्ञानिक डॉ. महेश गुप्ता एवं डॉ. विमल कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में प्रगतिशील कृषक राजीव सिंह (लोक भारती संगठन) ने प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी दी। वहीं ज्ञानेश तिवारी ने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। कृषक अंशुल मिश्र ने प्राकृतिक खेती के व्यवहारिक अनुभव साझा किए।

कृषि सखी रिंकी देवी एवं शशी देवी ने प्राकृतिक खेती से जुड़ी तकनीकों, व्यवहारिक समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उप कृषि निदेशक शाहजहांपुर ने उपस्थित किसानों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए प्राकृतिक खेती की रूपरेखा और उसके महत्व की जानकारी दी।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों डॉ. महेश गुप्ता एवं डॉ. विमल कुमार सिंह ने गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए किसानों को जीवामृत, बीजामृत एवं घनजीवामृत तैयार करने की विधि समझाई तथा प्राकृतिक खेती के लाभों से अवगत कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश अवस्थी ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और अपने दैनिक जीवन में जैविक उत्पादों का उपयोग बढ़ाने की अपील की। कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह (प्रिंस) ने पशुपालन एवं कृषि से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाकर उत्पादन लागत कम करने और स्वास्थ्यवर्धक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अतिथियों द्वारा किसानों को तिल एवं बाजरा मिनीकिट तथा लाइट ट्रैप का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला विकास अधिकारी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं किसान भाइयों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं कृषि संबंधी स्टॉलों का भी अतिथियों ने निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की।

Post a Comment

0 Comments