Breaking News

कटरा में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त पीस कमेटी बैठक, अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। आगामी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कटरा परिसर में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में आयोजित बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं उपजिलाधिकारी तिलहर सहित जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने तथा आपसी समन्वय को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने को कहा गया।

बैठक के दौरान स्थानीय समस्याओं एवं सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने पर्व के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।

बैठक के उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं पुलिस बल ने थाना कटरा क्षेत्र के बाजारों, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

जनपद शाहजहाँपुर पुलिस एवं प्रशासन आगामी पर्व को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

0 Comments