स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 18 जून 2026। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में एसडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीएम प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद में नीट-यूजी परीक्षा के लिए कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा केंद्र
- राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी)
- इस्लामिया इंटर कॉलेज
- जीएफ कॉलेज
- धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज
- एसएस कॉलेज
- केंद्रीय विद्यालय-1
- केंद्रीय विद्यालय-2
उन्होंने बताया कि परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा की निगरानी एवं व्यवस्थाओं के लिए सात सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखेंगे।
बैठक में एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा सामग्री को सुरक्षित ढंग से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और परीक्षा समाप्ति के बाद वापस लाने की जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्राधिकारियों (सीओ) एवं थाना प्रभारियों (एसएचओ) को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
