स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जनपद में वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ विकास खंड ददरौल के प्राथमिक विद्यालय राईखेड़ा में उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान 151 छायादार, फलदार एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण कर हरित भविष्य का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान रामपाल ने आम का पौधा लगाकर सभी से अधिक से अधिक देशी आम के पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फलदार वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए पोषण, छाया और जैव विविधता का महत्वपूर्ण आधार हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण करते हुए कहा कि जिस प्रकार मां जीवन देती हैं, उसी प्रकार वृक्ष मानव जीवन के लिए प्राणवायु, शुद्ध जल और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने "आम भंडारा–आम बहार-आपके द्वार" नामक अभिनव जन-अभियान शुरू किया है, जिसके तहत गांवों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर देशी आम के पौधे लगाए जाएंगे और उनके संरक्षण को जन-आंदोलन बनाया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक देशी आम का पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प लें।
उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने कदंब का पौधा रोपित कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही भविष्य के पर्यावरण प्रहरी हैं और उनमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में कंजी, जंगल जलेबी, आम, अमरूद, अकेशिया ऑरिकुलीफॉर्मिस, कदंब सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। क्षेत्रीय वनाधिकारी शत्रुघ्न प्रसाद ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, जबकि वन दरोगा सुशील कुमार ने पौधरोपण की वैज्ञानिक विधियों एवं पौधों के संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments