ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 (UPTET) जनपद बलरामपुर में तीन दिवसीय आयोजन के बाद शनिवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो गई। परीक्षा का सफल संचालन जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच कराया गया।
जनपद में परीक्षा के लिए 06 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की गई, जबकि उड़नदस्ता टीमों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अंतिम दिवस की एकल पाली में आयोजित परीक्षा में 2,376 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,215 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 161 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित अधिकारियों को परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने बताया कि तीन दिनों तक चली यूपीटीईटी-2026 परीक्षा शासन की मंशा के अनुरूप सफलतापूर्वक एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई।
