स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में वैवाहिक विवादों के समाधान हेतु सुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिनमें से एक दंपति आपसी सहमति से समझौता कर पुनः साथ रहने के लिए राजी हो गया।
परिवार परामर्श केंद्र में आए थाना तिलहर क्षेत्र के एक दंपति की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी। उनकी सात माह की एक पुत्री है। पत्नी पिछले छह माह से मायके में रह रही थी। महिला का आरोप था कि पति अपनी बहनों के प्रभाव में रहता है तथा परिवार में लगातार विवाद होता रहता है। साथ ही पति कोई रोजगार भी नहीं करता।
परामर्श के दौरान पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्नी और बेटी के साथ दिल्ली में अलग रहकर रोजगार करने तथा परिवार की जिम्मेदारी निभाने की बात कही। दोनों पक्षों की विस्तृत काउंसलिंग और आपसी वार्ता के बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया।
समझौते के बाद दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी नेहा चौहान, शीतल चौहान, मोनिका कुमारी एवं रश्मि चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य आपसी संवाद और समझदारी के माध्यम से पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाना है।
