Breaking News

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी, नेपाल सीमा पर 26 लीटर कच्ची शराब बरामद

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 24 जुलाई। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में आबकारी विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 26 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में उप आबकारी आयुक्त देवीपाटन प्रभार (गोंडा) के पर्यवेक्षण तथा जिला आबकारी अधिकारी मृत्युंजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर नेपाल सीमा से जुड़े संवेदनशील इलाकों में नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में आबकारी विभाग की सर्किल-1 सदर टीम ने थाना हरैया क्षेत्र के अंतर्गत नेपाल सीमा के समीप ग्राम मढ़ीपुर चौधरीडीह के महादेव बाकी क्षेत्र में 9वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के साथ संयुक्त दबिश दी। अभियान के दौरान संदिग्ध स्थानों की तलाशी लेकर अवैध शराब के निर्माण एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

आबकारी विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 26 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस संबंध में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।

जिला आबकारी अधिकारी मृत्युंजय प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि नेपाल सीमा सहित पूरे जिले में नियमित रूप से संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग या प्रशासन को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अभियान में आबकारी निरीक्षक रामधनी वर्मा, प्रधान आबकारी सिपाही उमेश कुमार, 9वीं वाहिनी एसएसबी के अधिकारी एवं जवान तथा आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

नोट: यह समाचार आबकारी विभाग द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments