Breaking News

कोतवाली नगर पुलिस ने शातिर चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 24 जुलाई। कोतवाली नगर पुलिस ने घर में चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, धर्मराज तिवारी, निवासी ग्राम केवलपुर, थाना कोतवाली नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12/13 मई 2026 की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर 70 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मु.अ.सं. 103/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान राजू उर्फ मिठ्ठू उर्फ ननके, पप्पू शिल्पकार तथा रमन उर्फ राजू सोनी को अली बाग, ग्राम पेरा के पास आम के बाग से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 35 हजार रुपये नकद, तीन जोड़ी पायल, 23 जोड़ी बिछुए, एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी, एक सोने की चेन, एक मांगटीका तथा दो जोड़ी झुमकी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात गांव में बारात होने के कारण भीड़भाड़ का लाभ उठाकर उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ घर में प्रवेश कर नकदी और आभूषण चोरी किए थे। चोरी के बाद नकदी आपस में बांट ली गई तथा अधिकांश रकम खर्च कर दी गई। चोरी के आभूषण कथित रूप से गलाने और बेचने के लिए सह-आरोपी को दिए गए थे। शेष आभूषण और धनराशि के लेन-देन के दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

नोट: यह समाचार बलरामपुर पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है। गिरफ्तार व्यक्तियों के विरुद्ध लगाए गए आरोप पुलिस के अनुसार हैं। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments