Breaking News

जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न, 27 जुलाई से अल्लाहगंज डाकघर में शुरू होंगी आधार सेवाएं

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आधार नामांकन एवं आधार अद्यतन सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने अल्लाहगंज क्षेत्र में आधार सेवाओं की समस्या को देखते हुए निर्देश दिया कि 27 जुलाई 2026 से अल्लाहगंज डाकघर में आधार नामांकन एवं संशोधन की सुविधा प्रारंभ की जाए। डाक विभाग ने बताया कि यहां 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के नए आधार कार्ड बनाए जाएंगे, जबकि इससे अधिक आयु के लोगों के आधार में संशोधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

जिलाधिकारी ने आधार सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के लिए बायोमेट्रिक मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही यूआईडीएआई के टोल फ्री नंबर 1947 तथा निःशुल्क एवं सशुल्क सेवाओं की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

उन्होंने 5 से 15 वर्ष (एमबीयू-1) तथा 15 से 17 वर्ष (एमबीयू-2) आयु वर्ग के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार नामांकन, 18 वर्ष से अधिक आयु के आवेदनों का 45 दिनों के भीतर निस्तारण, 100 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के मामलों तथा यूडीआईएसई से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क उपलब्ध है तथा इसका अधिक से अधिक प्रचार किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नया आधार नामांकन पूरी तरह निःशुल्क है।

उन्होंने बताया कि बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटो) पहली बार 5 से 7 वर्ष तथा दूसरी बार 15 से 17 वर्ष की आयु में निःशुल्क किया जाता है। अन्य मामलों में इसके लिए 125 रुपये शुल्क निर्धारित है, जबकि 7 से 15 वर्ष की आयु के बीच बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क रहेगा।

बैठक में बताया गया कि बायोमेट्रिक अपडेट के साथ डेमोग्राफिक अपडेट (नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर आदि) निःशुल्क होगा, जबकि केवल डेमोग्राफिक अपडेट कराने पर 75 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, 'माय आधार' पोर्टल के माध्यम से दस्तावेज अपडेट निर्धारित अवधि तक निःशुल्क किए जा सकते हैं, जबकि आधार सेवा केंद्र पर इसके लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments