Breaking News

परिवार परामर्श केंद्र में सुलझे दो परिवारों के विवाद, 29 मामलों की हुई सुनवाई

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 15 जुलाई। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में बुधवार को आयोजित काउंसलिंग सत्र में 29 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। परामर्श एवं आपसी संवाद के माध्यम से दो दंपतियों के वैवाहिक विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण कर उन्हें साथ रहने के लिए सहमत कराया गया।

सदर बाजार का मामला

करीब सात माह पूर्व विवाह बंधन में बंधे एक दंपति के बीच घरेलू विवाद और मारपीट को लेकर मतभेद चल रहा था। पत्नी तीन दिनों से मायके में रह रही थी। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई, जिसके बाद पति ने पत्नी का पूरा खर्च उठाने और भविष्य में विवाद न करने का आश्वासन दिया। दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।

कोतवाली क्षेत्र का मामला

दूसरे मामले में छह वर्ष से विवाहित दंपति के बीच संयुक्त परिवार में रहने को लेकर विवाद था। पत्नी की इच्छा थी कि वह पति और अपनी दो वर्षीय बच्ची के साथ मकान के ऊपरी हिस्से में अलग रहे। काउंसलिंग के दौरान पति ने पत्नी की बात स्वीकार करते हुए अलग रहने और परिवार की जिम्मेदारी निभाने का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और उन्हें सकुशल विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मधु यादव के नेतृत्व में आयोजित इस सत्र में महिला पुलिसकर्मियों एवं स्टाफ ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शाहजहाँपुर पुलिस का परिवार परामर्श केंद्र आपसी संवाद और समझाइश के माध्यम से पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने का लगातार प्रयास कर रहा है।

#Shahjahanpur #FamilyCounselling #UPPolice #PoliceLine #FamilyDispute #SachKiAwazWebNews

Post a Comment

0 Comments