नगर आयुक्त ने बड़े नालों का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए सख्त निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 15 जुलाई। नगर निगम शाहजहाँपुर की ओर से संचालित "मेरा शहर–मेरा घर" अभियान के अंतर्गत नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने महानगर क्षेत्र के सुभाषनगर, निसरजई और हाथीथान स्थित प्रमुख नालों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी बड़े नालों की सफाई अभियान चलाकर समयबद्ध तरीके से कराई जाए, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने नालों से निकलने वाली सिल्ट एवं मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि सफाई कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही मुख्य अभियंता (चीफ इंजीनियर) को निर्देशित किया कि संबंधित फर्म के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप सफाई कार्य कराया जाए।

नगर निगम ने नागरिकों को बेहतर स्वच्छता, सुचारु जल निकासी एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही।

#Shahjahanpur #NagarNigam #MeraShaharMeraGhar #DrainCleaning #SwachhShahjahanpur #SachKiAwazWebNews

Previous Post Next Post