Breaking News

किसान दिवस में डीएम ने सुनीं किसानों की समस्याएं, खाद को लेकर दिए सख्त निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 15 जुलाई। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं और मांगों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।

बैठक में कृषि, सहकारिता, उद्यान, गन्ना, पशुपालन, मत्स्य पालन, सिंचाई, नलकूप, विद्युत, खाद्य विपणन और नेडा सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि एवं किसान मौजूद रहे।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जनपद में आलू बीज का वितरण कराया जाएगा। किसानों से अपनी आवश्यकता के अनुसार बीज की मांग दर्ज कराने को कहा गया है। वहीं नेशनल हॉर्टिकल्चर मिशन के तहत 20 हेक्टेयर में नवीन उद्यान रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नया बाग लगाने के इच्छुक किसान आवश्यक अभिलेख जमा कर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एन.पी. गुप्ता ने कम वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को ज्वार और बाजरा जैसी कम पानी वाली फसलों की खेती पर भी ध्यान देने की सलाह दी।

बैठक में किसानों की 11 लिखित शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट जिला कृषि अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सदस्य न होने पर भी किसानों को मिले खाद: डीएम

जिलाधिकारी ने खाद की समस्या को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि समितियों पर किसान सदस्य न होने की स्थिति में भी खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने एक हेक्टेयर भूमि पर सात बोरी यूरिया उपलब्ध कराने तथा सभी किसानों से अपनी फसलों का फसल बीमा कराने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में जिला कृषि अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं किसान बंधुओं का आभार व्यक्त किया।

#Shahjahanpur #KisanDiwas #Farmers #DMShahjahanpur #Agriculture #Fertilizer #CropInsurance #SachKiAwazWebNews

Post a Comment

0 Comments