Breaking News

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 84 वाहनों का ₹2.44 लाख से अधिक का चालान

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 26 जुलाई। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया। अभियान पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह एवं एआरटीओ बृजेश कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान प्रभारी यातायात उमेश सिंह, उपनिरीक्षक संजय कुमार राय, उपनिरीक्षक राजाराम यादव एवं यातायात पुलिस टीम ने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों, फर्जी एवं दोषपूर्ण नंबर प्लेट, एचएसआरपी (HSRP) नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की।

यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 84 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹2,44,500 के ई-चालान/समन जारी किए गए।

कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों एवं आमजन को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिस ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की।

नोट: यह समाचार बलरामपुर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments