ब्यूरो रिपोर्ट आशीष गौतम, लखनऊ ✍️
लखनऊ। इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन (IVO) की लखनऊ इकाई ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सेना के अधिकारियों एवं जवानों पर दर्ज एफआईआर के विरोध में शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर भारत के महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम (एलए-2) नम्रता को सौंपा।
जिला अध्यक्ष एम.पी. मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि किश्तवाड़ के अथोली थाना क्षेत्र में विशेष अभियान के दौरान 17 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एन. अरुण गांधी, मेजर विकास शर्मा तथा लगभग 40 जवानों पर दर्ज एफआईआर से पूर्व सैनिकों और देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर दिनेश कुमार अवस्थी ने बताया कि भारतीय सशस्त्र बल विषम परिस्थितियों में देश की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा करते हैं। ऐसे मामलों का सैनिकों के मनोबल और सुरक्षा बलों के आपसी समन्वय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष एम.पी. मिश्रा, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर दिनेश कुमार अवस्थी, तहसील अध्यक्ष जयशंकर पांडे, पीआरओ गोपाल दुबे, अशोक कुमार मिश्रा, अशर्फी लाल यादव, अजय कुमार, श्याम बिहारी तथा भारतीय गोरखा कल्याण समिति के अध्यक्ष आर.बी. गुरुंग सहित संगठन के कई सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, एडीएम ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित माध्यम से अग्रेषित करने का आश्वासन दिया।
नोट: यह समाचार इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और उसमें किए गए दावों पर आधारित है।


