विभूतिखंड पुलिस का देर रात सघन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई

 

ब्यूरो रिपोर्ट राजन भारती, लखनऊ ✍️

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना विभूतिखंड पुलिस ने देर रात व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस की सक्रियता और सतर्कता का असर यह रहा कि कई वाहन चालक चेकिंग देखकर रास्ता बदलते नजर आए, जबकि कई लोग बैरिकेडिंग से पहले ही वापस लौट गए।

उप निरीक्षक प्रदीप कुमार, उप निरीक्षक अंकित उपाध्याय एवं उप निरीक्षक गणेश पटेल ने पुलिस टीम के साथ चिनहट तिराहा पुल के नीचे, चंदन हॉस्पिटल और कमता चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज न रखने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। कई युवकों को चेतावनी देते हुए उनके परिजनों को भी सूचना दी गई, जबकि कई वाहन चालक अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगते दिखाई दिए।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

स्थानीय लोगों ने भी विभूतिखंड पुलिस की सक्रियता और सख्ती की सराहना करते हुए इसे सुरक्षित यातायात और अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम बताया।

Previous Post Next Post