ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली, लखनऊ ✍️
लखनऊ। कमिश्नरेट लखनऊ की पीजीआई पुलिस ने घर में हुई बड़ी चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वंशथ कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त ऋषभ यादव तथा प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने किया।
150 CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पीजीआई थाना क्षेत्र की न्यू ग्रीन सिटी कॉलोनी निवासी कविता यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि परिवार के साथ विंध्याचल जाने के दौरान उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान करीब 150 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कालिंदी पार्क के पास नहर किनारे से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- अर्जुन रावत (22 वर्ष)
- सुदैफ अली (23 वर्ष)
- विनय कुमार (26 वर्ष)
- दीपक यादव (25 वर्ष)
20 लाख से अधिक के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनमें कंगन, हार, अंगूठियां, मंगलसूत्र, झुमके, नथ, पायल, बिछिया, कड़े, करधन सहित अन्य कीमती जेवर शामिल हैं। बरामद जेवरों की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
कई मामलों में पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार चारों आरोपी पहले भी चोरी, लूट, मारपीट, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके विरुद्ध लखनऊ, रायबरेली और सीतापुर समेत विभिन्न जनपदों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
