ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद के जिला संयुक्त चिकित्सालय परिसर में स्थापित पीएसए (PSA) ऑक्सीजन प्लांट की कार्यक्षमता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में उसकी तत्परता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने पीएसए ऑक्सीजन प्लांट के संचालन, ऑक्सीजन आपूर्ति प्रणाली तथा आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्लांट के संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त कर तकनीकी एवं व्यवस्थागत तैयारियों की समीक्षा की।
डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीजों को निर्बाध एवं समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का नियमित रखरखाव, समय-समय पर परीक्षण तथा मॉक ड्रिल का आयोजन लगातार किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित की जा रही हैं।
मॉक ड्रिल के दौरान स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
