Breaking News

प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को राहत एवं बचाव व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 24 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा करते हुए राहत एवं बचाव की तैयारियों को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

प्रभारी मंत्री ने ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं अन्य अधिकारियों के साथ तहसील सदर क्षेत्र के गर्रा नदी के दाहिने तट पर स्थित शाहबाजपुर, सरौरा और सरौरी सहित आसपास के गांवों में संचालित कटाव निरोधक परियोजना का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर परियोजना के संबंध में उनकी राय जानी। ग्रामीणों एवं ग्राम प्रधान ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा कराए गए कटाव निरोधक कार्यों की सराहना की। विधायक अरविंद कुमार सिंह ने भी परियोजना को बाढ़ से सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी बताते हुए इसकी गुणवत्ता की प्रशंसा की।

प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने ग्रामीणों से अपील की कि नदी किनारे कहीं भी कटान की स्थिति दिखाई दे तो तत्काल सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों से जनहानि की आशंका कम होगी और किसानों की भूमि को कटाव से बचाया जा सकेगा।

ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए प्रभारी मंत्री ने गांव के संपर्क मार्ग पर खड़ंजा निर्माण तथा नदी किनारे आवागमन के लिए मार्ग निर्माण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने जनपद के अन्य बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण कर प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा राहत एवं बचाव संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी नागरिक को कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से जनपद में बाढ़ सुरक्षा के लिए 19 बांधों का निर्माण कराया गया है, जिससे लगभग पांच हजार लोगों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। साथ ही क्षेत्र में प्रस्तावित पुल के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में बाढ़ से बचाव की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन पूरी तत्परता के साथ सहायता के लिए उपलब्ध रहेगा।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता एस.के. भास्कर, देवेंद्र कुमार सहाय, सहायक अभियंता अनुज मिश्र, अवर अभियंता सुबोध कुमार, ब्रजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments