Breaking News

प्रदेश में हर जिले तक पहुंचेगी कैंसर उपचार सुविधा, 'गोल्डन ऑवर' इलाज के लिए बनेगा एकीकृत ट्रॉमा नेटवर्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा विशेषज्ञों के साथ आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य कैंसर टास्क फोर्स एवं उत्तर प्रदेश ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (UPTEN) की कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में चरणबद्ध तरीके से कैंसर उपचार सुविधाओं का विकास किया जाए तथा हर मंडल में अत्याधुनिक कैंसर केंद्र स्थापित किए जाएं। उन्होंने कैंसर की रोकथाम, समयबद्ध स्क्रीनिंग, शीघ्र पहचान और गुणवत्तापूर्ण उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं एवं अन्य गंभीर आपात स्थितियों में घायलों को 'गोल्डन ऑवर' के भीतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में एकीकृत ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (UPTEN) विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, ट्रॉमा सेंटरों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।

उन्होंने अधिकारियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डिजिटल रेफरल प्रणाली विकसित करने, एंबुलेंस, अस्पतालों में बेड की उपलब्धता तथा उपचार सुविधाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे पर त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को केवल उपचार तक सीमित न रखकर रोकथाम, शीघ्र पहचान, गुणवत्तापूर्ण इलाज, पुनर्वास, अनुसंधान और तकनीक आधारित समन्वित स्वास्थ्य प्रणाली के रूप में विकसित किया जाए।

बैठक में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा के साथ योग, आयुष एवं मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी स्वास्थ्य प्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Post a Comment

0 Comments