Breaking News

शाहजहाँपुर पुलिस ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, वामा सारथी के तहत प्रशस्ति पत्र प्रदान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर में आयोजित सम्मान समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले पुलिस परिवार के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन ने विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

सम्मानित छात्र

🔹 अयान अहमद, पुत्र मुख्य आरक्षी इरफान अहमद – हाईस्कूल परीक्षा में 93.6% अंक प्राप्त किए।

🔹 सूर्यवीर देववाल, पुत्र उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार देववाल – हाईस्कूल परीक्षा में 91% अंक प्राप्त किए।

प्रतिसार निरीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए भी अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देते हैं। ऐसे में इन विद्यार्थियों की सफलता पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

उन्होंने कहा कि वामा सारथी का उद्देश्य पुलिस परिवार के कल्याण, उनके मनोबल को मजबूत करने तथा प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इस प्रकार के सम्मान समारोह बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल कर अपने परिवार, जनपद शाहजहाँपुर तथा उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करेंगे।

Post a Comment

0 Comments