Breaking News

शाहजहाँपुर में सड़क निर्माण कार्यों में लाई जाएगी तेजी, डीएम ने गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कैंप कार्यालय में नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न सड़क निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित सड़कों के निर्माण, टेंडर प्रक्रिया, वर्क ऑर्डर जारी होने तथा कार्य प्रारंभ की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जल निगम द्वारा डाली जा रही पेयजल पाइपलाइन के कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए ताकि आमजन को जल्द बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (RED) के अवर अभियंताओं के बीच सड़कों का कार्य विभाजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments