ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या उन्नाव ✍️
उन्नाव सफीपुर। तकनीकी खामी के चलते करीब सात वर्ष पूर्व बने दो मंजिला प्रधानमंत्री शहरी आवास के नीचे स्थित कुआं धंसने से भवन एक ओर झुक गया। मकान के कभी भी गिरने की आशंका के चलते आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सोमवार को एडीएम सुशील गौर की मौजूदगी में राजस्व, विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग की टीम के मार्गदर्शन में नगर पंचायत प्रशासन ने जेसीबी की मदद से झुके हुए भवन को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त करा दिया।
मोहल्ला शेखजादगान (मंगल बाजार) निवासी अशोक लोधी पुत्र मोहनलाल को करीब सात वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत दो मंजिला आवास आवंटित हुआ था। बताया गया कि भवन निर्माण स्थल पर पहले से पुराना कुआं मौजूद था। आरोप है कि निर्माण के दौरान उचित तकनीकी निगरानी नहीं हुई और पुराने कुएं का इस्तेमाल शौचालय टैंक के रूप में किया गया। लगातार बारिश के चलते जमीन धंसने लगी, जिससे भवन धीरे-धीरे एक तरफ झुक गया और हादसे का खतरा बढ़ गया।
मामले की जानकारी मिलने पर 15 अगस्त को एसडीएम फाल्गुनी सिंह ने मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के छह मकानों को खाली कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सोमवार को प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और भवन को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कराया।
पीड़ित परिवार की मदद को आगे आए अध्यक्ष प्रतिनिधि
वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सौरभ बाजपेई ‘राजा बेटा’ ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आते हुए ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही परिवार के रहने के लिए आश्रय भी उपलब्ध कराया।
उन्होंने कहा कि परिवार को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
भवन ध्वस्तीकरण के दौरान नगर पंचायत एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

