स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 10 अगस्त 2026 को 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे सुदामा प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज में महापौर अर्चना वर्मा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा द्वारा बच्चों को दवा खिलाकर किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में इस अभियान के तहत 16,88,991 बच्चों को एल्बेंडाजोल टैबलेट खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा मदरसों में बच्चों को दवा खिलाई जाएगी। अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और विद्यालयों के शिक्षकों का सहयोग लिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बच्चों के पेट में मौजूद कृमि पोषक तत्वों के अवशोषण में बाधा डालते हैं, जिससे एनीमिया, कुपोषण तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाता है।
10 अगस्त को दवा से वंचित रहने वाले बच्चों को 14 अगस्त को मॉप-अप राउंड के दौरान एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित केंद्र पर ले जाकर कृमिनाशक दवा अवश्य खिलवाएं।
शुभारंभ कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आरबीएसके जिला प्रबंधक संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।