10 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचा और लूट का सामान बरामद

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। थाना जैतीपुर पुलिस ने श्रावण मास कांवड़ ड्यूटी के दौरान गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति-वाहन चेकिंग के दौरान 10 हजार रुपये के इनामी एवं लूट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त चंदन को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में अभियुक्त के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी जैतीपुर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे मरूआझाला पुलिया के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा रोकने के लिए ललकारे जाने पर एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल होकर गिर गया, जबकि उसका साथी अंधेरे एवं झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल बदमाश की पहचान चंदन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी मोहल्ला अजीजगंज, थाना कोतवाली, शाहजहाँपुर, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक चंदन पर जिला स्तर से 10,000 रुपये का इनाम घोषित है और वह थाना जैतीपुर में दर्ज मु.अ.सं. 91/2026, धारा 309(4) बीएनएस में वांछित चल रहा था।

तमंचा, कारतूस और लूट का सामान बरामद

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, वीवो मोबाइल फोन और 2,040 रुपये नकद बरामद किए हैं।

इसके अलावा पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 की रात जनपद लखीमपुर खीरी में हुई लूट से संबंधित एक जोड़ी सफेद धातु की पायल और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक फरार साथी की पहचान शिवम के रूप में हुई है, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Previous Post Next Post