ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद के चौक बाजार में नवनिर्मित भव्य “घंटाघर-अटल चौक” का रविवार को धार्मिक एवं गरिमामय वातावरण में विधिवत लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज की प्रेरणा तथा नगरवासियों के सहयोग, स्नेह एवं आशीर्वाद से साकार हुए इस विकास कार्य से नगर के सौंदर्यीकरण एवं विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
घंटाघर-अटल चौक का लोकार्पण परमहंत मिथलेश नाथ योगी जी महाराज, देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर, सदर विधायक पल्टूराम एवं नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ द्वारा किया गया।
नगर की बदलती तस्वीर का प्रतीक बना घंटाघर-अटल चौक
लोकार्पण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं, व्यापारियों एवं नगरवासियों ने नवसृजित स्थल को बलरामपुर के विकास और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। वक्ताओं ने कहा कि घंटाघर-अटल चौक नगर की बदलती तस्वीर, विकास की नई दिशा और भविष्य की पहचान का प्रतीक बनेगा।
चौक के निर्माण से नगर की सुंदरता एवं सुव्यवस्था को नया स्वरूप मिला है। साथ ही यह स्थल नगर की पहचान को और मजबूत करने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से बलरामपुर में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। घंटाघर-अटल चौक इसी विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
बड़ी संख्या में नगरवासी रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में संत सर्वेश जी महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह सौम्य अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा, डी.पी. सिंह बैस, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष संजय शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी, अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य सहित सभासदगण, नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, व्यापारिक बंधु, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
नगरवासियों ने घंटाघर-अटल चौक के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान नगर के विकास को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। कहा गया कि नगरवासियों के सहयोग, विश्वास एवं आशीर्वाद से बलरामपुर के विकास का कारवां आगे बढ़ता रहेगा।
घंटाघर-अटल चौक का लोकार्पण बलरामपुर के विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं सुव्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
