स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर जनपद में 13 से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार तीन दिनों तक तिरंगा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण, वृक्षारोपण, खेलकूद, रक्तदान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
13 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त को सुबह 9:30 बजे राजकीय इंटर कॉलेज मैदान से शहीद उद्यान तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर में गांधी भवन सभागार में तिरंगा कॉन्सर्ट एवं ओपन माइक कार्यक्रम आयोजित होगा।
14 अगस्त को होंगे सांस्कृतिक और विभाजन विभीषिका दिवस के कार्यक्रम
14 अगस्त को सुबह राष्ट्रध्वज फहराने के साथ विभिन्न कार्यक्रम होंगे। शाम को सामूहिक राष्ट्रगान, कैंडल मार्च तथा विभाजन विभीषिका दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
15 अगस्त को मुख्य समारोह के साथ होगा शहीदों को नमन
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को सुबह विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरी एवं सामूहिक प्रार्थना से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद प्रभात फेरी, शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण, अस्पताल में मरीजों को फल एवं मिठाई वितरण, रक्तदान कार्यक्रम, वृक्षारोपण तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8 बजे सभी सरकारी भवनों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया जाएगा। दिनभर विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय एकीकरण की प्रतिज्ञा
कार्यक्रम के अंत में स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय एकीकरण की प्रतिज्ञा भी निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में आमजन, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता का आह्वान किया है।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह द्वारा जारी कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गई हैं।