ब्यूरो रिपोर्ट मुकीत सिद्दीकी हरदोई ✍️
संडीला (हरदोई), 03 अगस्त। भरावन ब्लॉक के ग्राम पिपरी नारायणपुर (पीपरगांव नेवादा) में संचालित अंडा फैक्ट्री से फैल रही मक्खियों एवं क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) के नेतृत्व में हयातगंज स्थित हन्नी खेड़ा चौराहा पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को छठे दिन भी जारी रहा।
धरना स्थल पर उपजिलाधिकारी संडीला सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और समस्याओं के समाधान के लिए 7 दिन का समय मांगा। हालांकि आंदोलनकारियों ने यह कहते हुए समय देने से इंकार कर दिया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशान है और अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए।
भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) के प्रदेश अध्यक्ष रफीक लम्बू ने कहा कि संगठन किसानों और आम जनता के हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अंडा फैक्ट्री से उत्पन्न समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता और प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान, संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जनहित से जुड़े इस आंदोलन को मांगें पूरी होने तक जारी रखा जाएगा।
