दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल, हर विधानसभा क्षेत्र में 20 का लक्ष्य

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से स्कूल जाने वाली एवं शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए नई योजना लागू की गई है। शासन द्वारा “स्कूल जाने वाली/शिक्षण प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल दिए जाने हेतु अनुदान नियमावली-2026” प्रख्यापित की गई है।

योजना के तहत 16 वर्ष या उससे अधिक आयु के शाहजहाँपुर जनपद के निवासी दिव्यांगजन पात्र होंगे। पात्रता में ऐसी दिव्यांग छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफिलिया आदि से प्रभावित हों तथा जिनकी दृष्टि एवं मानसिक स्थिति अच्छी हो और कमर के ऊपर का हिस्सा स्वस्थ हो। छात्रा को ई-ट्राईसाइकिल पर बैठकर अपने हाथों से उपकरण संचालित करने में सक्षम होना आवश्यक है।

दिव्यांगता का प्रमाणन मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा किया गया होना चाहिए। इसके साथ ही जनपद स्तर की तकनीकी समिति द्वारा छात्रा की शारीरिक क्षमता का भौतिक परीक्षण भी किया जाएगा। परीक्षण में उपयुक्त पाए जाने के बाद ही ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।

योजना में ऐसे दिव्यांगजन या उनके परिवार पात्र नहीं होंगे जो आयकरदाता हैं। निर्धारित लक्ष्य में पहले गरीबी रेखा से नीचे के लाभार्थियों को संतृप्त किया जाएगा। इसके बाद लक्ष्य बचने पर दिव्यांगता के घटते क्रम और आय के बढ़ते क्रम के आधार पर लाभ दिया जाएगा।

इसके अलावा आवेदक को पिछले 5 वर्षों में केंद्र सरकार, स्थानीय निकाय, सांसद निधि, विधायक निधि अथवा किसी अन्य सरकारी/अनुदानित स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल का लाभ प्राप्त नहीं हुआ होना चाहिए। उपलब्ध धनराशि के आधार पर लाभार्थियों का चयन “प्रथम आवक, प्रथम पावक” के सिद्धांत पर किया जाएगा।

हर विधानसभा क्षेत्र में 20 ई-ट्राईसाइकिल का लक्ष्य

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 20 ई-ट्राईसाइकिल का भौतिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूल एवं शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थानों से अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं का नाम, अभिभावक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, दिव्यांगता प्रतिशत एवं प्रकार तथा कक्षा/कोर्स की पूरी जानकारी एक सप्ताह के भीतर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, शाहजहाँपुर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह ने संबंधित महाविद्यालयों, विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं से पात्र दिव्यांग छात्राओं की जानकारी समय से उपलब्ध कराने की अपील की है।

Previous Post Next Post