संपूर्ण समाधान दिवस में 217 शिकायतें, 7 का मौके पर निस्तारण; पैमाइश में रिश्वत के आरोपों की जांच के आदेश

 

ब्यूरो रिपोर्ट राम चंद्र, उन्नाव ✍️

हसनगंज (उन्नाव)। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर शनिवार को हसनगंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी शालिनी सिंह तोमर ने की। इस दौरान तहसीलदार अवनीश चौधरी, क्षेत्राधिकारी तेज बहादुर सिंह सहित राजस्व, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

समाधान दिवस में कुल 217 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 110, पुलिस विभाग की 31, खंड विकास विभाग की 27, विद्युत विभाग की 11 तथा अन्य विभागों की 38 शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों ने 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।

एसडीएम शालिनी सिंह तोमर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

पैमाइश में रिश्वत लेने का आरोप

समाधान दिवस में नियामतपुर बरोना निवासी मीरा सिंह, पत्नी स्वर्गीय ओम प्रकाश सिंह, ने गाटा संख्या 661 की पैमाइश में अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय लेखपाल विनय तिवारी एवं राजस्व निरीक्षक विनोद शर्मा ने पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये लिए, लेकिन सही पैमाइश नहीं कराई और केवल आश्वासन दिया जाता रहा।

वहीं बड़ा मरहा मजरा हसनगंज निवासी छेदीलाल ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि गलत पैमाइश के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दोबारा मौके पर पैमाइश कराने की मांग की।

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम शालिनी सिंह तोमर ने राजस्व निरीक्षक अमरनाथ को निर्देश दिए कि दूसरे लेखपाल की मौजूदगी में पुनः निष्पक्ष पैमाइश कराकर चिट्ठा-बंटवारे के अनुसार शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट किया जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Previous Post Next Post