ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
सकरन (सीतापुर)। विकास खंड सकरन की ग्राम पंचायत शाहपुर में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तत्वावधान में विशाल किसान चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में क्षेत्र के लगभग 500 से अधिक किसान एवं मजदूर शामिल हुए और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
चौपाल की अध्यक्षता संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता सुशील राज ने की। इस दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि संगठन के जिला संगठन मंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों पर एससी/एसटी एक्ट के तहत फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। किसानों ने इन मुकदमों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।
जिलाध्यक्ष मयंक सिंह ने कहा कि किसानों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन हर किसान के हितों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
चौपाल में किसानों ने कृषि, ग्रामीण विकास और अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की तथा प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की।
कार्यक्रम में मुर्तजा अली अंसारी (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), अबरार, विश्वनाथ, कांग्रेस ब्लॉक सचिव नीरज, आदित्य तिवारी, प्रमोद वर्मा, रेशू, रामजती सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में किसानों ने प्रस्ताव पारित कर चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो सकरन से लखनऊ तक चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
