ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक, 24 अगस्त तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 17 अगस्त। आगामी 26 अगस्त को ईद-ए-मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जुलूस आयोजकों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जुलूस के निर्धारित एवं परंपरागत मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, सड़क मरम्मत, बिजली के तार, जलापूर्ति एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को 24 अगस्त तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलूस निर्धारित एवं परंपरागत मार्ग से ही निकाला जाए तथा किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने डीजे की निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई न रखने तथा किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री न बजाने के निर्देश दिए। साथ ही जुलूस में किसी अन्य देश के झंडे का प्रयोग नहीं करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने आयोजकों से जुलूस में झंडों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परंपरागत जुलूस के लिए अनुमति प्रक्रिया में सहयोग किया जाएगा, जबकि गैर-परंपरागत जुलूस की अनुमति नहीं होगी।

नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने जुलूस मार्ग से जुड़ी नागरिक सुविधाओं एवं समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने की बात कही।

बैठक में धर्मगुरुओं एवं आयोजकों ने भी लोगों से अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। विशेष रूप से लंगर एवं खाद्य सामग्री वितरित करते समय उसे सड़क पर फेंककर न देने तथा रिज्क की बरबादी एवं बेहुरमती से बचने की अपील की गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, संबंधित विभागों के अधिकारी, जुलूस आयोजक, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Previous Post Next Post