ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, सराय, धर्मशाला, गेस्ट हाउस एवं किराए के मकानों की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
ऑपरेशन त्रिनेत्र से निगरानी
स्वतंत्रता दिवस के दौरान संवेदनशील स्थानों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी एवं डिजिटल कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी।
कार्यक्रम स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी भी की जाएगी। थाना स्तर पर ‘त्रिनेत्र डेस्क’ के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नेपाल सीमा पर भी बढ़ाई गई सतर्कता
नेपाल सीमा से सटे थाना क्षेत्रों में पर्याप्त चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। सीमा पर बैरियर लगाकर आने-जाने वाले वाहनों एवं व्यक्तियों की गहन जांच की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
साइबर सेल और डॉग स्क्वाड भी सक्रिय
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक प्रचार एवं अफवाहों की रोकथाम के लिए साइबर सेल द्वारा 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वहीं, डॉग स्क्वाड टीम द्वारा जनपद के महत्वपूर्ण एवं सार्वजनिक स्थानों पर प्रशिक्षित श्वानों की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की विशेष तलाशी ली जा रही है।
इसके अलावा डायल-112 की पीआरवी एवं क्यूआरटी टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हिस्ट्रीशीटर, वांछित एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी की जा रही है। स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) द्वारा भी आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक सूचनाएं संकलित की जा रही हैं।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
बलरामपुर पुलिस ने जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 पर दें।
पुलिस प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार रहने की बात कही है।
