ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मंडी समिति बलरामपुर का निरीक्षण कर परिसर में साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने मंडी परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण करते हुए नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाले किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता हो। कूड़ा-कचरा एवं अन्य अपशिष्ट का नियमित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा परिसर में कहीं भी गंदगी जमा न होने देने को कहा।
अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंडी परिसर में अवैध अतिक्रमण की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मंडी परिसर को अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक उपयोग के स्थानों पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा अवरोध नहीं होना चाहिए।
किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं पर जोर
जिलाधिकारी ने मंडी परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्हें बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपनी उपज लेकर मंडी आने वाले किसानों तथा व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को आवश्यक सुविधाएं सुगमता से मिलनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को मंडी परिसर की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने मंडी को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के साथ किसानों एवं व्यापारियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर उप जिलाधिकारी सहित मंडी समिति के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
