ब्यूरो रिपोर्ट शौकत गाज़ी पत्रकार लखनऊ ✍️
इंदिरानगर में घर में घुसकर चोरी के दौरान परिवार पर हमला करने के मामले में था वांछित
लखनऊ। पुलिस को लंबे समय से चकमा देकर फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी सुरेश पासी उर्फ सुरेश रावत को लखनऊ क्राइम ब्रांच की एसओजी टीम और थाना इंदिरानगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर इंदिरानगर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर चोरी करने के दौरान पीड़ित परिवार पर हमला करने के मामले में कार्रवाई चल रही थी। हमले में परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
इस मामले में पुलिस पूर्व में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि सुरेश पासी उर्फ सुरेश रावत लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच एसओजी प्रभारी शिवानंद मिश्रा की टीम एवं थाना इंदिरानगर पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले में उसकी भूमिका के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
