🚨 काकोरी पुलिस ने वांछित अभियुक्त को चोरी के सामान के साथ किया गिरफ्तार

 

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️

लैपटॉप, 5 स्मार्टफोन, 2 कीपैड मोबाइल, ईयरबड और ₹1,120 नकद बरामद

लखनऊ, 28 अगस्त। थाना काकोरी पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी का एक लैपटॉप, पांच स्मार्टफोन, दो छोटे कीपैड मोबाइल फोन, दो ईयरबड तथा ₹1,120 नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2026 को टिकरिया निवासी विश्वजीत यादव ने अपनी दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा स्मार्टफोन चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना काकोरी पर मुकदमा दर्ज कर घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीमों एवं सर्विलांस टीम को लगाया गया था।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल अजीत यादव और पवन कुमार को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उनके कब्जे से चोरी के 10 स्मार्टफोन, ईयरबड, पावरबैंक और ₹5,005 नकद बरामद किए गए थे।

इसी मामले में वांछित चल रहे अजय राजपूत पुत्र विजय राजपूत, निवासी दुर्गागंज, थाना काकोरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

मोहिद्दीनपुर अंडरपास के पास दबोचा

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मोहिद्दीनपुर अंडरपास रेलवे लाइन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान अजय राजपूत के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से चार स्मार्टफोन, एक ईयरबड और ₹1,120 नकद बरामद हुए। उसके हाथ में मौजूद झोले से एक लैपटॉप, एक डिब्बाबंद फोन, एक ईयरबड, एक हेडफोन और दो कीपैड मोबाइल फोन भी मिले।

अभियुक्त को उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमे एवं धाराओं की जानकारी देते हुए करीब रात 11:45 बजे पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी

  • 01 लैपटॉप
  • 05 स्मार्टफोन
  • 02 कीपैड मोबाइल फोन
  • 02 ईयरबड
  • ₹1,120 नकद

पुलिस के अनुसार, अजय राजपूत के विरुद्ध काकोरी, मलिहाबाद और दुबग्गा थानों में चोरी, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में पूर्व के कई मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

उपनिरीक्षक शैलेष प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अंकित यादव, उपनिरीक्षक सुरजीत कुशवाहा, कांस्टेबल रोहित यादव एवं कांस्टेबल गजेन्द्र कुमार, थाना काकोरी कमिश्नरेट लखनऊ।

Previous Post Next Post