परिवार परामर्श केंद्र ने 29 मामलों की सुनवाई कर दो दंपतियों में कराया समझौता

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के कुशल निर्देशन में 10 अगस्त 2026 को पुलिस लाइन जनपद शाहजहाँपुर में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। केंद्र में पारिवारिक विवादों से संबंधित कुल 29 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। आपसी बातचीत और समझाइश के बाद दो दंपतियों के बीच समझौता कराकर उन्हें सकुशल साथ विदा किया गया।

थाना कांट का मामला

थाना कांट क्षेत्र के एक दंपति की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। आवेदिका पिछले करीब पांच माह से अपने मायके में रह रही थी। उसने शिकायत में पति पर मारपीट करने तथा अपनी मां के सोने के सामान को अपने पास रखने का आरोप लगाया।

आवेदिका ने कहा कि यदि पति उसे ठीक से रखेंगे तो वह उनके साथ रहने के लिए तैयार है। वहीं द्वितीय पक्ष ने पत्नी को अपने साथ रखने की इच्छा जताते हुए कहा कि उनकी सास के हस्तक्षेप के कारण विवाद उत्पन्न होता है। उन्होंने पत्नी के जेवर छुड़वाकर उसकी किस्त अदा करने की बात कही।

परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी वार्ता एवं काउंसलिंग कराई गई। समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद दंपति को सकुशल साथ विदा किया गया।

थाना कटरा का मामला

थाना कटरा क्षेत्र के एक अन्य दंपति की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। आवेदिका पिछले करीब 15 दिनों से अपने मायके में रह रही थी। उसने पति पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया।

आवेदिका ने कहा कि यदि पति शराब का सेवन नहीं करेंगे और उसे भोजन एवं खर्च के लिए पर्याप्त राशि देंगे तो वह पति के साथ जाने के लिए तैयार है। वहीं पति ने आश्वासन दिया कि वह शराब का सेवन नहीं करेगा और पत्नी के साथ मारपीट नहीं करेगा। साथ ही उसने पत्नी को अपने साथ बाहर रखकर बेहतर तरीके से जीवन यापन करने की बात कही।

परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर उन्हें समझाया गया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल साथ विदा किया गया।

परिवार बचाने की दिशा में पहल

परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों को बातचीत और समझाइश के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य विवादों को आपसी सहमति से समाप्त कर परिवारों को टूटने से बचाना है।

इस मौके पर आरक्षी विनीत, महिला आरक्षी शीतल चौहान, महिला आरक्षी पिंकी, महिला आरक्षी निशा मिश्रा, महिला आरक्षी नेहा चौहान एवं महिला आरक्षी रश्मि चौधरी आदि मौजूद रहे।

Previous Post Next Post