स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों को मिलेगा कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ, शाहजहांपुर में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने वितरित किए प्रतीकात्मक कार्ड व चेक
शाहजहांपुर, 23 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार ने पीएम पोषण योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शाहजहांपुर के गांधी भवन सभागार में किया गया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना रहे। इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रसोइयों के मानदेय में ₹3 हजार की बढ़ोतरी
सदर तहसील के विकासखंड भावलखेड़ा, ददरौल, मदनापुर एवं कांट से आए रसोइयों तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि संवेदनशील सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों की चिंता करती है।
उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के मानदेय में ₹3,000 प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। इसके साथ ही रसोइयों एवं उनके परिवारों के हित में अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं।
रसोइया के परिवार में दुर्घटना की स्थिति में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से ₹2 लाख की सहायता का प्रावधान किया गया है। वहीं ड्रेस के लिए दी जाने वाली धनराशि को ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 किया गया है।
लाभार्थियों को वितरित किए प्रतीकात्मक कार्ड और चेक
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित अन्य अतिथियों ने कई रसोइयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए। इनमें प्राथमिक विद्यालय सुरतपुर की राजकुमारी, प्राथमिक विद्यालय गौहनिया की झुमका देवी, प्राथमिक विद्यालय मौजमपुर की ओम श्री एवं सत्यवती, कंपोजिट विद्यालय ददरौल के श्रीराम, प्राथमिक विद्यालय जलालनगर की नसीम बानो, प्राथमिक विद्यालय अलीजई की नजमा देवी सहित अन्य रसोइये शामिल रहे।
इसी प्रकार लक्ष्मी, रुखसाना, रामगीता, रामरति, रामसुखी, बच्चन सिंह तथा ब्रह्मा कुमार सिंह को मानदेय वृद्धि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए।
शाहजहांपुर में 7,625 रसोइये योजना से आच्छादित
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में पीएम पोषण योजना से कुल 2,805 विद्यालय आच्छादित हैं, जिनमें 7,625 रसोइये कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि रसोइयों एवं उनके आश्रितों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित करना सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है।
सांसद अरुण कुमार सागर ने सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रसोइयों एवं उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नगर तिलहर की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि स्काउट-गाइड पार्टी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, स्काउट-गाइड एवं बड़ी संख्या में रसोइये उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मध्याह्न भोजन सेल के मनोज कुमार ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।
