स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
लखनऊ में 24 अगस्त को होगी एक दिवसीय कार्यशाला, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे अध्यक्षता
शाहजहांपुर, 23 अगस्त। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने के उद्देश्य से 24 अगस्त 2026 को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में ELC 2.0 एवं ECINET विषयक एक दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि कार्यशाला की अध्यक्षता भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में शाहजहांपुर की छह विधानसभा क्षेत्रों से चयनित कुल 24 शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे।
इसके अतिरिक्त उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा मीडिया/सोशल मीडिया नोडल अधिकारी भी कार्यशाला में शामिल होकर निर्वाचन आयोग की नई पहलों एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
कार्यशाला में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना सहित निर्वाचन आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना उद्देश्य
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाना, युवाओं एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना तथा उनमें निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व तथा निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में SVEEP (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELCs) की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।
डिजिटल दौर में ELC 2.0 की नई पहल
सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के बदलते स्वरूप तथा युवाओं के बढ़ते डिजिटल जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन साक्षरता क्लब कार्यक्रम को अब ELC 2.0 के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों को वर्षभर सक्रिय, सहभागितापूर्ण, अनुभवात्मक और डिजिटल रूप से सक्षम मंच के रूप में स्थापित करना है।
इस पहल के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझने और जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रजनीश कुमार मिश्र ने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यशाला से प्राप्त अनुभव एवं जानकारी निर्वाचन साक्षरता को जन-जन तक पहुंचाने में सहायक होगी तथा युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी को और अधिक मजबूत बनाएगी।