स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
27 मामलों पर हुई सुनवाई, आपसी सहमति से साथ रहने को राजी हुए दंपति
शाहजहाँपुर। पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में बुधवार, 19 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 27 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिसमें परामर्श एवं आपसी बातचीत के बाद 3 दंपतियों के बीच समझौता कराया गया और उन्हें सकुशल विदा किया गया।
परिवार परामर्श के दौरान थाना तिलहर के एक दंपति के बीच विवाद सामने आया। पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया था। बातचीत के बाद पति ने पत्नी की बात मानने और उसे साथ रखने का भरोसा दिया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
इसी तरह थाना जलालाबाद के एक दंपति के मामले में पत्नी ने बताया कि पति द्वारा मारपीट किए जाने के बाद उसने गुस्से में प्रार्थना पत्र दिया था। परामर्श के दौरान पति ने भविष्य में मारपीट न करने और पत्नी को अच्छे से रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
थाना पुवायां के एक मामले में पत्नी करीब सात माह से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और खर्च के लिए पैसे नहीं देने का आरोप लगाया। परामर्श के दौरान पति ने पत्नी को साथ रखने, मारपीट न करने और हर महीने खर्च के लिए अलग से धनराशि देने का भरोसा दिया। दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान कराया गया।
परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने तीनों मामलों में दोनों पक्षों की आपसी बातचीत कराकर उन्हें समझाया और पारिवारिक विवाद को आपसी सहमति से समाप्त कराया। इसके बाद तीनों दंपतियों को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख महिला आरक्षी पिंकी, महिला आरक्षी निशा मिश्रा, नेहा चौहान, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी तथा आरक्षी विनीत सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
