स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जनपद के उद्योगपति एवं समाजसेवी विनय अग्रवाल ने बहनों के लिए सराहनीय पहल की है। उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बहनों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए 40 ई-रिक्शों का संचालन पूरी तरह निशुल्क कराया है।
रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के घर राखी बांधने जाने वाली महिलाओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सफर करने वाली किसी भी बहन से ई-रिक्शे का कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
शहर से गांव तक 40 ई-रिक्शे तैनात
इस पहल के तहत शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर ग्रामीण मार्गों तक कुल 40 ई-रिक्शे लगाए गए हैं। इससे त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और महंगे किराए की समस्या से महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न संगठनों ने विनय अग्रवाल की इस पहल की सराहना की। क्षेत्र की महिलाओं ने भी इस सामाजिक पहल के लिए उनका आभार जताते हुए इसे रक्षाबंधन पर बहनों के लिए उपयोगी और अनूठा तोहफा बताया।
रक्षाबंधन पर 40 निशुल्क ई-रिक्शों की यह पहल सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार की मिसाल बनकर सामने आई है।
