सलाखों के पीछे भाईचारे का संदेश, बंदियों को राखी बांधकर लिया नशामुक्ति का संकल्प

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 अगस्त। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जिला कारागार, शाहजहाँपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सहयोग संस्था एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने कारागार में निरुद्ध बंदियों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह एवं भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बंदियों से नशामुक्ति का संकल्प भी लिया गया। संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बंदियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एवं पारिवारिक मूल्यों को अपनाने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों के भीतर आत्मीयता, सामाजिक मूल्यों और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर सहयोग संस्था के सदस्य शहनवाज खान, शिवम वर्मा, कैप्टन प्रमोद गुप्ता, स्तुति गुप्ता और तराना जमाल मौजूद रहे।

वहीं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की क्षेत्रीय संचालिका बहन चरिता कुमारी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। जिला कारागार की ओर से जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी, कारापाल रामनरेश गौतम सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

जेल प्रशासन ने सहयोग संस्था एवं ब्रह्माकुमारी संस्था के इस मानवीय एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मानवीय संवेदनाएं, प्रेम और भाईचारे की भावना समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचनी चाहिए।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Previous Post Next Post