स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 27 अगस्त। नकली एवं मिलावटी दूध तैयार किए जाने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के कन्हानी नगला देहात माली, पोस्ट बरी प्रसिद्धपुर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मुन्नालाल पुत्र राम भरोसे के घर पर करीब 30 लीटर दूध भंडारित मिला और उससे खोया तैयार किया जा रहा था।
विभागीय प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मौके की जांच के दौरान दूध में मिलावट की पुष्टि हुई। घर की तलाशी में दूध, खोया, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, Laundry Liquid Detergent तथा अज्ञात रसायन पाए गए।
पांच नमूने जांच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा टीम ने नियमानुसार दूध, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, खोया, Laundry Liquid Detergent और अज्ञात रसायन के एक-एक नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
मौके पर मिले मिलावटी दूध एवं खोया को नष्ट कराया गया, जबकि दूध, खोया, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, Laundry Liquid Detergent एवं अज्ञात रसायन को सीज कर पुलिस की अभिरक्षा में दिया गया।
प्रतिदिन 50 से 60 लीटर दूध तैयार करने का दावा
विभाग के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मुन्नालाल ने बताया कि वह कथित तौर पर पिछले कई वर्षों से यह काम कर रहा है और प्रतिदिन केमिकल के माध्यम से 50 से 60 लीटर दूध तैयार करता है। इसके अलावा आसपास के लोगों से एकत्र किए गए दूध को इसमें मिलाकर सृजनी दुग्ध केंद्र, फतेहगंज, बरेली में आपूर्ति करने की बात भी बताई गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उक्त दुग्ध केंद्र मुन्नालाल ने अपनी पत्नी सुकरानी के नाम से लिया हुआ है। मामले की जानकारी बरेली के संबंधित अधिकारियों को भी दी गई है और वहां से अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई
खाद्य विभाग के अनुसार, मुन्नालाल के खिलाफ BNSS की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराते हुए उसे पुलिस अभिरक्षा में दिया गया है। वहीं बरामद सामग्री को सीज कर दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 विनीत कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने की।
कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मनोज कुमार और सौरम सोनी मौजूद रहे।
मामा स्वीट्स से पेड़ा का नमूना भी लिया
इसी अभियान के तहत एक अन्य टीम ने हथौड़ा बुजुर्ग स्थित मामा स्वीट्स का निरीक्षण कर पेड़ा का एक नमूना संग्रहित किया। नमूने को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
