स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 27 अगस्त। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस अधिकारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का निस्तारण कर रहे हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
27 अगस्त को 42 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
विशेष अभियान के तहत 27 अगस्त 2026 को जनपद के समस्त थानों पर प्राप्त जनशिकायतों में से कुल 42 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।
अभियान के अंतर्गत सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन शिकायतों का
मौके पर निस्तारण करेंगे।
पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता एवं संबंधित दूसरे पक्ष से फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में उन्हें संतुष्ट करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
शाहजहाँपुर पुलिस का कहना है कि इस विशेष अभियान से शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से शिकायतों का बेहतर एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करेगी।
शाहजहाँपुर पुलिस का विशेष अभियान—शिकायतकर्ता के द्वार पर समाधान की पहल।
